
Deoghar News : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को देवघर में नवनिर्मित भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन किया. इसी मंच से उन्होंने गुमला जिले में बने भाजपा कार्यालय का भी ऑनलाइन उद्घाटन किया.

इसके बाद ठाढ़ीदुलमपुर मैदान में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा की विचारधारा, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और झारखंड की मौजूदा स्थिति पर विस्तार से बात रखी. इससे पूर्व उन्होंने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और राज्य भर से आए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया.
बीजेपी कभी हिम्मत नहीं हारती, विचारधारा से समझौता नहीं

नड्डा ने कहा कि भाजपा वह पार्टी है जो न तो संघर्ष से पीछे हटती है और न ही अपने विचारों से समझौता करती है. देश की ज्यादातर पार्टियां आज वंशवाद की राजनीति में उलझी हैं. पर भाजपा अकेली ऐसी पार्टी है जो विचारधारा से संचालित होती है, परिवारवाद से नहीं.
धारा 370 से राम मंदिर तक हम संघर्ष नहीं छोड़े
नड्डा ने भाजपा की वैचारिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा : 1952 से 2019 तक पांच पीढ़ियां खप गईं, लेकिन हमने धारा 370 हटाने के संकल्प को नहीं छोड़ा. जिस दिन जनता ने ताकत दी, मोदी जी की इच्छाशक्ति और अमित शाह की रणनीति ने 5-6 अगस्त 2019 को इसे इतिहास बना दिया. देश में एक निशान, एक विधान और एक प्रधान सुनिश्चित हुआ.
आडवाणी जी की पीढ़ी से लेकर आज तक तीन पीढ़ियां निकल गईं, लेकिन हमने हार नहीं मानी. आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर खड़ा है और ध्वज लहरा रहा है.
ट्रिपल तलाक खत्म कर मुस्लिम बहनों को वास्तविक आजादी मिली
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि तीन तलाक दुनिया के कई मुस्लिम देशों में पहले ही खत्म हो चुका था, लेकिन भारत में 13वीं-14वीं शताब्दी का कानून चल रहा था. इसे समाप्त करने की हिम्मत किसी ने नहीं की. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तीन तलाक खत्म हुआ, और हमारी बहनों को सम्मानजनक जीवन मिला. यही भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धता है.
देश में तेजी से बढ़ता मेडिकल ढांचा : ‘दो साल में 118 मेडिकल कॉलेज’
नड्डा ने कहा कि स्वास्थ्य संरचना में भारत ने ऐतिहासिक प्रगति की है. पिछले दो वर्षों में 118 नए मेडिकल कॉलेज खुले हैं, जिनमें सबसे अधिक इस राज्य में हैं. देवघर का एम्स हो, कोडरमा-दुमका-हजारीबाग के मेडिकल कॉलेज हों या पीपीपी मोड में स्वीकृत चार नये कॉलेज. यह बदलाव झारखंड के भविष्य को नयी दिशा देगा.

एयरपोर्ट और हाईवे : देवघर देश के विकास नक्शे पर चमक रहा है
उन्होंने कहा कि 2014 में देश में 74 एयरपोर्ट थे, जो अब बढ़कर 160 हो गये हैं. देवघर एयरपोर्ट इसका बड़ा उदाहरण है. भारतमाला के तहत वाराणसी–रांची–कोलकाता कॉरिडोर पर तेजी से काम हो रहा है. यह क्षेत्र विकास की नई उड़ान भर चुका है.
आयुष्मान भारत: गरीब के इलाज की चिंता अब सरकार कर रही
नड्डा ने कहा कि आयुष्मान भारत ने गरीबों को उपचार का भरोसा दिया है. गंभीर बीमारी में अब किसी गरीब को कर्ज लेने या जमीन बेचने की जरूरत नहीं. 5 लाख का वार्षिक कवर सीधे परिवार को सुरक्षा देता है. यह दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना है.
बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी : 14 करोड़ सदस्य, 10 लाख सक्रिय कार्यकर्ता
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा : आज भाजपा और एनडीए 20 राज्यों में सरकार चला रहे हैं. 13 राज्यों में अकेले भाजपा की सरकार है. गुजरात में छठी बार, महाराष्ट्र में पांचवीं बार, गोवा और हरियाणा में तीसरी बार, यूपी, त्रिपुरा, बिहार, उत्तराखंड, मणिपुर में रिपीट सरकारें बनी हैं. जल्द ही यह संख्या 14 और 15 तक जाएगी. झारखंड में भी कमल खिलेगा, यह मेरा विश्वास है.
झारखंड सरकार पर हमला : ‘अपराध और घुसपैठ का अड्डा बनी सरकार’
नड्डा ने कहा कि राज्य सरकार घुसपैठ, अपराध और भ्रष्टाचार पर पूरी तरह विफल है. बांग्लादेशी घुसपैठिए आदिवासी बहनों से विवाह कर जमीन हथियाने की साजिश कर रहे हैं. 1951 में 45 प्रतिशत आदिवासी जनसंख्या थी, जो घटकर अब 28% रह गयी है. यह तुष्टिकरण की राजनीति का परिणाम है. उन्होंने पाकुड़ के गोपीनाथपुर गांव की पिंकी हेम्ब्रम का उदाहरण देते हुए कहा : यह सिर्फ एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की लड़ाई है. भाजपा घुसपैठ के खिलाफ निर्णायक संघर्ष करेगी
बीजेपी विचारधारा, विकास और राष्ट्रहित के लिए खड़ी है. झारखंड को अपराध, घुसपैठ और भ्रष्टाचार से मुक्त कर स्थिर सरकार देना है. कमल तभी खिलेगा जब कार्यकर्ता बूथ से लेकर मैदान तक मजबूती से जुटेंगे.
ऑनर किलिंग में झारखंड नंबर वन व हत्या में दूसरे स्थान पर
एनसीआरबी (नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो) का हवाला देते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि ऑनर किलिंग के मामले में झारखंड देश में पहले पायदन पर तो हत्या के मामले में दूसरे स्थान पर है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में माफिया राज कायम है. झारखंड में दुष्कर्म, डायन और दहेज हत्या के मामलों में बेतहाशा इजाफा हुआ है. खुलेआम बालू, कोयला और दूसरे खनिज संसाधनों की लूट जारी है. उन्होंने पूछा कि क्या 450 रु में गैस सिलिंडर मिला. क्या राज्य के 10 लाख युवाओं को नौकरी मिली? क्या हेल्थ कार्ड मिला? क्या किसानों को 3200 रु प्रति क्विंटल की दर से धान की एमएसपी मिली? इनके हाथी के दांत दिखाने के और खाने के और हैं.
सूर्या हांदसा एककाउंटर पर सरकार को घेरा
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आदिवासियों की बात करने वाली सरकार ने प्रायोजित तरीके से सूर्या हांसदा का एनकाउंटर करवाया. सिदो कान्हो के वंशज रामेश्वर मुर्मू की हत्या भी सरकार के इशारे पर हुई. हूल दिवस के अवसर पर सिदो कान्हो को श्रद्धांजलि देने गये लोगों पर लाठी चार्ज कराया गया.
‘घुसपैठियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करेगी भाजपा’
नड्डा ने पाकुड़ जिले के गोपीनाथपुर गांव की पिंकी हेम्ब्रम का उदाहरण देते हुए कहा, “घुसपैठिए बम रखकर डराते हैं, जमीन कब्जा कर रहे हैं. यह केवल एक परिवार की नहीं, पूरे देश की लड़ाई है. भाजपा इस पर निर्णायक कार्रवाई करेगी.”
हेमंत सरकार विफल, अब झारखंड में भी खिलेगा कमल’
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के करीबी अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं और सरकार जनता की समस्याओं से बेखबर है. “झारखंड में बदलाव तय है. भाजपा जहां भी चुनाव में उतरी, जीतकर आई है. आने वाले विधानसभा चुनाव में भी कमल खिलेगा, और इसे खिलाने का काम झारखंड के कार्यकर्ता करेंगे.”
ये अबुआ नहीं ठगुआ सरकार है :नड्डा
जेपी नड्डा ने अपने भाषण में कहा कि झारखंड में शासन पूरी तरह ‘अकार्यक्षमता’ का प्रतीक बन गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार चरम पर है और खनन, जमीन, ट्रांसफर-पोस्टिंग जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियाँ सामने आ रही हैं. उन्होंने कहा, झारखंड की जनता ने विकास के लिए वोट दिया था, लेकिन उन्हें कुप्रशासन मिला. यहां तुष्टिकरण की राजनीति हो रही है. घुसपैठियों को लाभ दे रही यह सरकार राज्य की सुरक्षा के लिए खतरा बन गई है. उन्होंने ‘अबुआ सरकार’ के नारे पर तंज कसते हुए कहा, ‘अबुआ नहीं, ठगुआ सरकार’ है, जो जनता को झूठे सपने दिखाती है और अंदर ही अंदर राज्य को खोखला कर रही है.


