Ranchi: मंगलवार की सुबह राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित सहजानंद चौक के समीप अज्ञात अपराधियों ने सुषमा बड़ाईक को गोली मारकर घायल कर दिया। आनन-फानन में घायल सुषमा बड़ाईक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार सुषमा बड़ाईक को अज्ञात अपराधियों ने 3 गोली मारी है। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद अरगोड़ा थाना की पुलिस जांच में जुटी हुई है। अरगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को प्रारंभिक जानकारी मिली है कि सुबह 9:30 बजे एक बाइक पर तीन की संख्या में अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। तीनों अपराधी को घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
कौन है सुषमा बड़ाइक
सुषमा बड़ाइक काफी चर्चे में रह चुकी हैं। आइपीएस नटराजन के साथ उनका यौन शोषण का मामला काफी चर्चा में रहा है। सुषमा बड़ाइक का आइपीएस नटराजन के साथ वीडियो भी स्टिंग के बाद मीडिया के जरिए प्रसारित हुआ था। मामला 2005 का है। वीडियो जारी होने के बाद 2012 में आइपीएस नटराजन को बरखास्त कर दिया गया था। हालांकि लोअर कोर्ट ने 2017 में नटराजन के पक्ष में फैसला सुनाया था। इस फैसले के बाद सुषमा बड़ाइक ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सुषमा ने केस वापस लेने की धमकी का आरोप लगाते हुए अरगोड़ा निवासी दुर्गा साहू पर भी सुखदेवनगर थाने में मामला दर्ज कराया था। सुषमा का आरोप था कि दुर्गा साहू बंदूक की नोक पर केस वापस लेने की धमकी देते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया है।