Deoghar News : देवघर जिले के करौं प्रखंड अंतर्गत चांदचौरा गांव निवासी न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश बनाए जाने की अनुशंसा की गई है। 28 सितंबर 2026 को हुई कॉलेजियम की बैठक में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति के लिए न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह समेत तीन न्यायाधीशों के नाम केंद्र सरकार को भेजे गए हैं। उनकी अनुशंसा की खबर से देवघर जिले में खुशी का माहौल है। जिलेवासियों ने इसे देवघर के लिए गर्व की बात बताया है।
चांदचौरा गांव से शुरू हुआ सफर

न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह मूल रूप से देवघर जिले के करौं प्रखंड के चांदचौरा गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता डॉ. रामगोपाल सिंह और माता डॉ. शारदा सिंह देवघर के प्रतिष्ठित सरकारी चिकित्सकों में शामिल रहे हैं। दोनों अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। अपरेश कुमार सिंह की प्रारंभिक शिक्षा भी देवघर में ही हुई। उन्होंने देवघर के संत फ्रांसिस स्कूल से कक्षा पांच तक की पढ़ाई की। इसके बाद कक्षा छह से दसवीं तक की शिक्षा देवघर के आरके मिशन स्कूल से पूरी की। 11वीं और 12वीं की पढ़ाई उन्होंने देवघर कॉलेज से की।
दिल्ली विश्वविद्यालय से की उच्च शिक्षा

प्रारंभिक शिक्षा देवघर से पूरी करने के बाद अपरेश कुमार सिंह उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय चले गए। वहां उन्होंने बीए ऑनर्स और एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने न्यायिक एवं विधिक क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की।
पटना हाईकोर्ट से शुरू की वकालत
वर्ष 1990 के आसपास अपरेश कुमार सिंह ने पटना हाईकोर्ट में अधिवक्ता के रूप में अपनी वकालत की शुरुआत की। वर्ष 2000 तक उन्होंने पटना हाईकोर्ट में वकालत की। झारखंड राज्य के गठन के बाद वर्ष 2001 से वे झारखंड हाईकोर्ट में वकालत करने लगे। इसके बाद न्यायिक क्षेत्र में उनकी नियुक्ति का सिलसिला शुरू हुआ। 24 जनवरी 2012 को उन्हें झारखंड हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके बाद उन्होंने न्यायिक क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।
त्रिपुरा और तेलंगाना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रहे
अप्रैल 2023 में न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह को त्रिपुरा हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया। इसके बाद जुलाई 2025 में उनका स्थानांतरण तेलंगाना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में हुआ। वर्तमान में तेलंगाना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह के नाम की अब सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के लिए अनुशंसा की गई है।
देवघर के लिए गौरव का क्षण
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति के लिए नाम की अनुशंसा होने की जानकारी के बाद देवघर जिले में खुशी की लहर है। चांदचौरा गांव से लेकर देवघर शहर तक लोगों में इसे लेकर उत्साह है। जिलेवासियों का कहना है कि देवघर की धरती पर प्रारंभिक शिक्षा हासिल करने वाले अपरेश कुमार सिंह का सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश पद के लिए अनुशंसित होना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।



