
Deoghar News: गृह चोरी मामले में नगर थाना की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घटना के महज 48 घंटे बाद ही ना केवल में वारदात में शामिल आरोपितों को गिरफ्तार किया है बल्कि चोरी गए आभूषण को भी बरामद करने में सफल रही है।

पुलिस ने वारदात में शामिल बैजनाथपुर बायपास रोड निवासी सोनू कुमार महथा व सतीश कुमार मोदी उर्फ सतीश कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद इन दोनों को थाना लाकर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर चोरी गए आभूषण को बरामद किया । पुलिस ने सोने जैसा दिखने वाला दो पीस चेन, एक पीस मंगलसूत्र का लाकेट, दो पीस कंगन, तीन पीस अंगूठी व दो पीस कान का झुमका सहित तीन हजार रुपया नकद बरामद किया है।

बता दें कि 27 नवंबर को बैजनाथपुर निवासी छोटी कुमारी ने नगर थाना में घर में घुसकर नकदी सहित जेवरात की चोरी कर लिए जाने का मामला दर्ज कराई थी। दर्ज मामले में चार नामजद आरोपितों पर चोरी की वारदात में शामिल होने का आरोप लगाई थी। पीड़िता का कहना था कि घटना के दिन वह अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने गई थी।
वापस आने पर आरोपितों को घर से सामान लेकर भागते देखी। घर के अंदर जाने पर 55 हजार रुपया नकद सहित सोने-चांदी का जेवरात गायब था। नगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक मिथलेश कुमार, घनश्याम गंझू व दिलीप मुंडा , एएसआइ संजय रजक, आरक्षी राकेश कुमार सिंह व अभिषेक कुमार सिंह सहित जवानों की टीम ने छापेमारी कर दोनों आरोपितों को धरदबोचा ।
थाना लाकर पूछताछ करने पर आरोपितों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की । पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।



