Ranchi: एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) में आय से अधिक संपत्ति मामले में हेहल के अंचलाधिकारी (CO) रहे अनिल कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसे लेकर एसीबी में मामला दर्ज किया गया है।
अनिल कुमार के खिलाफ एसीबी ने एक अप्रैल, 2012 से 31 मार्च, 2017 तक की अवधि को चेक पीरियड मानते हुए आय से अधिक संपत्ति की गणना की है। एसीबी के पुलिस उपाधीक्षक राज नारायण सिंह की शिकायत पर जांच के बाद अनिल कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया।
अनिल कुमार सिंह ने चेक पीरियड में कुल 30 लाख 54 हजार 967 रुपये की संपत्ति अर्जित की है। चेक पीरियड में अर्जित ऐसेट एवं व्यय के रूप में इनके द्वारा कुल 86 लाख 65 हजार 513 खर्च किया गया था। निर्धारित चेक पीरियड में इनकी आय 67 लाख 35 हजार 501 रुपये की गणना की गई। इस आधार पर गणना करने पर पाया गया कि निर्धारित चेक पीरियड में इनके द्वारा आय की तुलना में 19 लाख 30 हजार 12 रुपये अधिक व्यय किया गया। इसके आधार पर इनके विरुद्ध 28.65 प्रतिशत आय से अधिक संपत्ति की गणना की गई है।