
Deoghar : एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया है। गंभीर हालत में युवक को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल 35 वर्षीय राजेश राय उर्फ राजा सीमावर्ती बिहार के जमुई जिला के चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत रामचंद्रडीह गांव का रहने वाला है।

घटना के संबंध बताया जाता है कि युवक रात को अपने घर में सोया हुआ था। इस दौरान तीन युवक पास के घर के छत पर चढ़े। उसके बाद उसके घर के छत पर चढ़कर नीचे उतर गए।

युवक अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ कमरे में सो रहा था। वहीं उसके पिता दूसरे कमरे में सोए हुए थे। युवक के कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। बदमाशों ने पहले पिता के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।
उसके बाद वे राजा के कमरे में गए। वहां सो रहे राजा पर चाकू से तीन बार वार किया। चाकू राजा के दाएं बांह, दाएं ओर सीना के नीचे और बाएं जांघ पर लगी।
चाकू मरने के बाद सभी बदमाश रात के अंधेरे में भाग निकले। वहीं राजा की पत्नी ने उठकर शोर मचाया। उसने ससुर के कमरे का दरवाजा खोला तब वे बाहर निकले। इस घटना में राजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसके शरीर से काफी खून निकल रहा था। उसे पहले इलाज के लिए चकाई सीएचसी ले जाया गया। वहां से उसे बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया।
स्वजनों के मुताबिक किसने और क्यों राजा पर हमला किया ये उनकी समझ में नहीं आ रहा है। उन्होंने किसी से किसी प्रकार के विवाद होने की बात से इंकार किया है।
जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया है उससे लगता है कि बदमाश राजा की हत्या करने की नीयत से आए थे। वहीं सूत्रों के मुताबिक राजा को शराब पीने की आदत थी।
घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।



