
Deoghar: अधीक्षक उत्पाद, देवघर के निर्देश पर अवैध शराब के चौर्य व्यापार की रोकथाम को लेकर शनिवार 18 जुलाई 2026 को पथरौल थाना पुलिस के सहयोग से विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत पथरौल थाना क्षेत्र के हड़हंजा गांव में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री स्थलों पर उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान टीम ने अवैध महुआ चुलाई शराब तथा शराब निर्माण के लिए तैयार जावा महुआ बरामद किया। कार्रवाई में कुल 105 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब और 800 किलोग्राम जावा महुआ जब्त किया गया।

मौके से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बब्लू हांसदा और विनोद हांसदा, दोनों देवघर निवासी, के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग की टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
उत्पाद विभाग ने बताया कि मामले में अन्य संबंधित लोगों की भी पहचान की जा रही है। उनके विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा।


