
Deoghar : देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के देवघर- दुमका रेल मार्ग पर बेहराबरन मोदीचक के पास पोल संख्या 12/9 के पास बुधवार की देर शाम को पुलिस ने एक 20 वर्षीय महिला का शव बरामद किया था।

मृतका का नाम मुनमुन देवी पति पूरन पंडित है। जो मोहनपुर थाना इलाके के मेदनीडीह की रहने वाली थी। देर रात को पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये देवघर सदर अस्पताल भेज दिया।

गुरूवार को महिला का पोटमार्टम कराया गया। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या कर रेलवे ट्रेक पर फेंकने का आरोप लगाया है। मोहनपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
दहेज को लेकर हत्या करने का आरोप
मृतका के भाई नगर थाना क्षेत्र के बसमत्ता निवासी उमेश पंडित ने बताया कि करीब चार-पांच महिने पहले ही बहन की शादी मोहनपुर थाना क्षेत्र के मेदनीडीह निवासी पूरन पंडित से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वाले और तिलक की मांग कर बहन को प्रताड़ित कर रहे थे।
बताया कि बुधवार की शाम को उसके ससुराल वालों ने फोन पर बताया कि उसकी बहन घर से गायब है। जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य उसके ससुराल पहुंचे और बहन को खोजने लगे। कुछ देर ससुराल के सदस्य भी उनलोगों के साथ खोजबीन में लगे रहे।
कुछ देर बाद वे सभी गायब हो गये। बताया कि करीब आठ बजे रात को खोजने के क्रम में बेहराबरन मोदीचक के पास रेलवे ट्रेक पर बहन का शव बरामद किया गया।
उसका गला कटा हुआ था और दाहिना हाथ टूटा हुआ था। भाई ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव को रेलवे ट्रेक पर फेंकने का आरोप लगाया है। इधर मोहनपुर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।


