
Deoghar-Varanasi Vande Bharat: देवघर से वाराणसी के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन अब यात्रियों के लिए और ज्यादा सुविधाजनक हो जायेगी। रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इस ट्रेन में कोच की संख्या आठ से बढ़ाकर 16 करने का निर्णय लिया है। सीधे तौर पर इस ट्रेन में यात्रियों की क्षमता दोगुनी हो जायेगी। रेलवे के अनुसार, वंदे भारत के यात्रियों के लिए यह निर्णय बेहद महत्वपूर्ण है।

देवघर-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन में अब एक हजार अतिरिक्त यात्रियों को सफर करने की सुविधा मिलेगी और वेटिंग टिकट की समस्या काफी हद तक कम हो जायेगी। रेलवे बोर्ड द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में ही देवघर-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस में कोच की संख्या आठ से बढ़ाकर 16 किया जायेगा। इस ट्रेन में केवल आठ कोच की व्यवस्था रहने से अक्सर यात्रियों को वेटिंग टिकट की कठिनाई होती है, लेकिन अब कोच की संख्या 16 कर दिये जाने से एक हजार अतिरिक्त यात्री इस ट्रेन से सफर कर पायेंगे। 16 कोच वाली वंदे भारत ट्रेन तेज गति और अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगी।

बता दें कि गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे देवघर-वाराणसी वंदे भारत की कोच संख्या बढ़ाने को लेकर लगातार प्रयासरत थे। सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मेरे आग्रह पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देवघर-वाराणसी वंदे भारत में कोच की संख्या आठ से बढ़ाकर 16 कर दी है। कोच बढ़ने से एक हजार अतिरिक्त यात्री इस ट्रेन से सफर कर पायेंगे। अधिक यात्रियों को बैठने की सुविधा के साथ-साथ इस ट्रेन में वेटिंग टिकट की समस्या काफी हद तक कम हो जायेगी। इस सुविधा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र से गोड्डा संसदीय क्षेत्र की कनेक्टिविटी और बेहतर हो गयी है।


