
Deoghar: देवघर में दिनदहाड़े एक युवक की हत्या अपराधियों ने कर दी है। घटना मंगलवार सुबह की है। बाजार समिति के पास स्थित एक होटल के पास 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या अपराधियों द्वारा कर दी गई।

मृतक की पहचान हाथी पहाड़ निवासी कौशल जायसवाल के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों ने कौशल पर अचानक चाकू से हमला किया और कई बार उसपर वार करते चले गए, जिससे वो लहूलुहान हो गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा गया।
मृतक के पिता किशन जायसवाल ने बताया कि कौशल सुबह अपने घर से निकला था। कुछ देर बाद जब उन्होंने बेटे को फोन किया तो कौशल ने कहा- पापा, हम घर आ रहे हैं। इसके कुछ ही समय बाद मोहल्ले की महिलाओं ने घर आकर सूचना दी कि उनके बेटे को चाकू मार दिया गया है। पिता जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि उनका बेटा खून से लथपथ पड़ा है। किशन जायसवाल ने बताया कि कौशल का किसी से कोई झगड़ा या दुश्मनी नहीं थी। वह अपने छोटे भाई के साथ मिलकर छोटा-मोटा बिजनेस करता था। पिता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
फिलहाल हत्या की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि वे सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ।


