
Deoghar : देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव से एक 18 वर्षीय युवती के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर परिजनों में हड़कंप मच गया है।

परिजनों ने बताया कि युवती रात के समय घर से गायब हो गयी और साथ ही घर में रखे करीब 80 हजार रुपये नकद और जेवरात भी लेकर चली गयी। मामले में लड़की के पिता ने मधुपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बुढ़ैई थाना क्षेत्र के अस्ता गांव निवासी मो साजिद (23) ने युवती को बहला-फुसलाकर शादी की नीयत से भगा लिया है। पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी की शादी के लिए घर में नकदी और जेवरात रखे गए थे, जो अब गायब हैं।
परिजनों ने पुलिस से युवती को जल्द से जल्द बरामद करने की मांग की है। मधुपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों के मोबाइल लोकेशन और संभावित ठिकानों की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन मिला है। मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से युवती का परिवार बेहद परेशान है। गांव में भी इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है।


