
Deoghar: जबतक मैं यहां का सांसद हूं बाबा बैद्यनाथ मंदिर की गरिमा को ठेस नहीं पहुंचाने दूंगा, मंदिर के किसी भी चीज पर किसी को हाथ नहीं लगाने दूंगा। ये बातें गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही।

देवघर में प्रेस वार्ता कर डॉ. दुबे ने कहा कि देवघर में बाबा बैद्यनाथ मंदिर कॉरिडोर बनाने को लेकर राज्य सरकार ने 900 करोड़ रुपए का प्रपोजल केंद्र को भेजा है। उन्होंने कहा कि मुझे कॉरिडोर बनाए जाने से कोई परेशानी नहीं है लेकिन इसके लिए जो नक्शा भेजा गया है उसमें स्थानीय लोगों की सहमति होनी जरूरी है।

सांसद ने साफ तौर पर कहा कि अगर यहां के लोग चाहेंगे तभी कॉरिडोर बनेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि बैद्यनाथ मंदिर के कॉरिडोर निर्माण के नक्शा में मंदिर के सिंह दरवाजा को तोड़ना है जिसका वो विरोध कर रहे हैं।
कहा कि जबतक वो सांसद हैं बाबा मंदिर के किसी भी चीज को हाथ नहीं लगाने देंगे।
सांसद ने कहा कि इसी वजह से उनपर केस दर्ज कराया गया है। क्योंकि कुछ लोग सिंह दरवाजा तोड़ने के पक्ष में हैं और उस नक्शे को सहमति दे दी है। लेकिन जब तक मैं सांसद हूं तबतक इस कॉरिडोर में सिंह दरवाजा नहीं टूटेगा या मंदिर की किसी भी गरिमा को ठेस पहुंचाने नहीं दूंगा।


