
Deoghar: भाजपा नेता और भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी कांवर लेकर बाबाधाम पहुंचे और भोलेनाथ पर जलार्पण किया।

31 जुलाई को सुल्तानगंज में गंगा जल उठाकर मनोज तिवारी ने कांवर यात्रा शुरू की और दो अगस्त को बाबा बैद्यनाथधाम में जलाभिषेक किया। शनिवार देर शाम सांसद तिवारी का गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने भव्य स्वागत किया और गोरियारी नदी से इस कांवर यात्रा में निशिकांत दुबे भी मनोज तिवारी के साथ हो चले।

कांवरिया पथ होते हुए मनोज तिवारी ने रात 8:30 बजे तक बाबा बैद्यनाथ को जल चढ़ाया।
बाबा धाम पहुंचने के बाद सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि 30 साल पहले वे नियमित रूप से कांवर उठाकर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए आया करते थे। उन्होंने कहा, “समय के साथ परिस्थितियां बदल गई हैं, लेकिन बाबा के प्रति आस्था आज भी वैसी ही है।”
उन्होंने घोषणा की कि वे श्रावणी मेला को राष्ट्रीय मेला घोषित करने के लिए संसद में आवाज उठाएंगे और इस दिशा में स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे के साथ मिलकर हर संभव प्रयास करेंगे।
मनोज तिवारी ने कहा कि कांवरियों की समस्याओं को समझने के लिए स्वयं कांवर उठाकर यात्रा करना जरूरी है. उन्होंने कहा, “यह यात्रा न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि कांवरियों के सामने आने वाली चुनौतियों को समझने का भी अवसर देती है।”
बाबा धाम में जलाभिषेक के बाद उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सेवा भाव निरंतर बढ़ता रहे और यह भाव जन-जन तक पहुंचे।
सांसद तिवारी ने कहा, “मेरे मन में कई मनोकामनाएं हैं, लेकिन भगवान भोलेनाथ को उन्हें बताने की जरूरत नहीं। वे अपने भक्तों का मन पढ़ लेते हैं और उनकी हर इच्छा पूरी करते हैं।”
उन्होंने सनातन धर्म की ताकत पर जोर देते हुए कहा कि यह आस्था ही उन्हें और सांसद निशिकांत दुबे को एक साथ बाबा के दरबार में लाई है।
उन्होंने कहा, “हम सनातन धर्म के सिपाही हैं और इस आस्था को जीवित रखने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।”
मनोज तिवारी ने केंद्र सरकार की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रावणी मेला और कांवरिया पथ को बेहतर बनाने के लिए 100 करोड़ रुपये का अनुदान और अतिरिक्त 50 करोड़ रुपये प्रदान किए हैं। उन्होंने कहा, “यह दर्शाता है कि केंद्र सरकार श्रावणी मेले के महत्व को समझती है। भविष्य में भी मेले से संबंधित जो भी मांगें होंगी, उन्हें पूरा किया जाएगा।”
बिहार विधानसभा चुनाव के संदर्भ में पूछे जाने पर सांसद तिवारी ने कहा कि भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी की जीत निश्चित है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता भाजपा के विकास और सुशासन के एजेंडे पर भरोसा करती है।
सांसद मनोज तिवारी का स्वागत करने के लिए स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे गोरियारी नदी के पास पहले से मौजूद थे। सांसद निशिकांत भी गोरियारी से पैदल यात्रा कर मनोज तिवारी के साथ कांवरिया पथ से बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे और समाज कल्याण व देश की समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
सांसद निशिकांत दुबे ने मनोज तिवारी के संकल्प और उद्देश्य पर एक साथ कार्य कर धरातल पर उतारने की बात की।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, ” दिल्ली में भाजपा की जीत में मनोज तिवारी की अहम भूमिका रही है। वे बचपन से ही सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहे हैं। संस्कृति में उनकी आस्था सभी को आनंद देती है। अगर मनोज तिवारी जैसा कोई व्यक्ति पैदल कांवड़ लेकर जा रहा है, तो मेरा कर्तव्य है कि मैं उनके साथ चलूं।”


