
Deoghar: देवघर शहर के मेला क्षेत्र में चोर, पाकेटमार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मेला के दौरान अपने हाथ ही सफाई दिखाने के लिए बड़ी संख्या में बाहर से चोर, पाकेटमार इन दिनों देवघर पहुंचे हुए हैं।

ऐसे लोग होटल, धर्मशाला, लाज में किराए पर रहते हैं। ये लोग मंदिर, शिवगंगा, बाजार व अन्य भीड़-भाड़ वाले इलाके में कांवरियों का बैग, मोबाइल, पर्स, नकदी आदि चोरी करने का काम करते हैं। इन चोरों में काफी संख्या में बच्चे व महिलाएं भी शामिल हैं। लोगों और पुलिस को दिग्भ्रमित करने के लिये ये सभी कांंवरिया के ड्रेस में रहते हैं। ऐसे में इन लोगों को शक नहीं होता है। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद ये आसानी से भीड़ का लाभ उठाकर फरार हो जाते हैं।

पांच कांवरियों का सामान चोरी कर लिया गया है। ये सभी अपनी शिकायत लेकर रविवार सुबह नगर थाना पहुंचे। एक घटना में बिहार के नवादा जिला के शाहपुर थाना क्षेत्र के बाहरी बिछड़ा गांव निवासी अमित रंजन कुमार ने बताया कि बाबा मंदिर में उसका बैग खोलकर अंदर से आइ फोन निकाल लिया गया है।
वहीं बिहार के मुंगेर जिला के हेमजापुर गांव निवासी अजीत कुमार, अर्चना देवी व अंशु कुमारी का बैग शिवगंगा के पास से चोरी कर लिया गया। बैग में तीन मोबाइल फोन और दो हजार रुपया नकद था। वहीं बिहार के भागलपुर जिला के पिरपैंती निवासी गोलू यादव भी पूजा करने आया था। पूजा करने के बाद वह शिवलोक परिसर घूमने के लिए गया था। उसने अपना थैला पास के एक दुकान में रखा था। लौटकर देखा तो उसका बैग गायब था।
बैग में 800 नकद और मोबाइल भी था। इस बारे में पूछने पर दुकानदार ने जानकारी होने की बात से साफ इंकार कर दिया। पुलिस सभी मामलों की छानबीन कर रही है।


