
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के हदहदिया पुल के पास गुरुवार को उस वक़्त हंड़कंप मच गया जब 10 सालों से बंद पड़े एक मकान को खोला गया।

दरअसल, कई दिनों से इस मकान से दुर्गन्ध आ रही थी। पड़ोसियों द्वारा कहे जाने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। घर का ताला खोला गया। जिसके बाद सबके होश उड़ गए।

मकान में एक अज्ञात अधेड़ का फांसी पर लटका हुआ शव बरामद किया गया है। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बतायी जाती है। उसने कांवरिया का ड्रेस पहन रखा है। यह मकान अधिवक्ता ललित झा का बताया जाता है।
बताया जाता है कि यह मकान जर्जर हो गया था। इस कारण उसे बंद कर दिया था। यह मकान करीब दस वर्ष से बंद पड़ा था। बदबू निकलने की वजह से बगल में रहने वाले लोगों ने इसकी जानकारी मकान मालिक को दिया। उपरांत मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। छानबीन के क्रम में ताला खोलकर घर के अंदर से एक अज्ञात अधेड़ का शव बरामद किया गया। वह फंदे से लटका हुआ था। शव काफी सड़ चुका था।
शव को देखने से लगा कि ये एक सप्ताह से अधिक पुराना है। मृतक ने गेरुआ कपड़ा पहन रखा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि उसकी हत्या हुई है या फिर उसने आत्महत्या कर ली है। वहीं मृतक के बारे में पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


