
Deoghar : ड्यूटी से वापस घर लौट रहे एक चौकीदार की अचानक बेहोश होकर गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय कामदेव हाजरा के रूप में हुई है।

वह सारवां थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार कामदेव हाजरा की ड्यूटी सारवां थाना से बैंक में लगती थी। मंगलवार को वह ड्यूटी समाप्त कर बाइक पर बैठकर घर लौट रहा था। बाइक से उतरने के बाद अचानक वह बेहोश होकर गिर पड़ा।

इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए कुंडा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे एम्स रेफर कर दिया। एम्स में इलाज के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए उसे देवघर सदर अस्पताल रेफर किया गया।
सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। इधर, सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस ने बुधवार को मृतक के शव का पंचनामा किया। इसके बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।



