
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बिलासी टाउन स्थित शीतल मल्लिक रोड में शनिवार की रात करीब 11:30 बजे एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। जिसे देर रात सदर अस्पताल इलाज के लिए लाया गया। युवक को गोली लगने की खबर पर पुलिस अस्पताल पहुंची। घटना कब कैसे क्यों और कहाँ हुआ पुलिस द्वारा इस बारे में युवक से पूछताछ की जाने लगी। लेकिन बार बार युवक अपना बयान बदलता रहा।

कभी युवक ने कहा कि वह बाइक से आया, कभी उसने कहा कि वह दौड़कर घर गया तो कभी पैदल जाने की बात कही। लेकिन जब पुलिस खून के निशान की मदद से उसके घर तक पहुंची तो मामला साफ हो गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक युवक को खुद के पिस्तौल से ही गोली लगी है। पुलिस ने युवक के घर से छानबीन के क्रम में एक पिस्टल बरामद किया है। वहीं एक खोखा भी बरामद किया है।

छानबीन के क्रम में पुलिस को पता चला कि जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के रामपुर शिवराज कालोनी का रहने वाला प्रिंंस झा उर्फ ललन शनिवार की रात बाइक से बिलासी टाउन के शीतल मल्लिक रोड पहुुंचा। वहां कांवरियों को लेकर जा रहे एक आटो को रोककर उसने चालक से रंगदारी की मांग की। इस क्रम में उसने पिस्तौल निकालकर दहशत फैलाने के लिए जमीन की ओर फायर कर दिया। लेकिन इस क्रम में गलती से गोली उसके पैर में लग गया। जिससे वो घायल हो गया। उसके बाद वह बाइक से अपने घर पहुंचा। वहां हथियार को छुपाने के बाद उसने अपने पैर को कपड़ा से बांधा। फिर उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
युवक ने रात को पुलिस को दिए बयान में कहा था कि बाइक सवार बदमाशों ने उसे गोली मार दी है। उसके मुताबिक वह रात को पिता की मदद करने के लिए शिवगंगा की ओर जा रहा था। इस दौरान उसे गोली मारी गई। लेकिन पुलिस जांच में पूरा मामला साफ़ हो गया। हालांकि पुलिस फिलहाल आधिकारिक तौर पर इस मामले में कुछ नहीं बता रही है।


