
Deoghar: बिजली पोल पर काम करने के दौरान बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। जिसके बाद हंगामा बरपा। घटना देवघर नगर थाना क्षेत्र के रांगा मोड़ के पास की है।

जहां विद्युत विभाग की एजेंसी में प्राइवेट बिजली मिस्त्री के रूप में कार्यरत रिखिया थाना क्षेत्र के मलहारा गांव निवासी 40 वर्षीय मनोज कुमार राउत बिजली में आई खराबी को ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा था। तभी करंट की चपेट आने से मनोज बुरी तरह झुलस गया।

आनन फानन में उसे देवघर के निजी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, चिकित्सकों ने उसे देवघर एम्स रेफर कर दिया। जहां ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई।
बिजली मिस्त्री की मौत के बाद आक्रोशित स्वजनों व समर्थकों ने विद्युत कार्यालय पहुंच यहां कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा किया। उसके बाद देवघर-दुमका रोड स्थित बैजनाथपुर चौक पर मुआवजा की मांग को लेकर टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया।
जाम की सूचना मिलते ही मौके पर कुंडा, रिखिया, नगर व मोहनपुर थाना की पुलिस पहुंची। बाद में विभाग के सहायक विद्युत अभियंता लव कुमार भी घटनास्थल पहुंचे। काफी समझाने बुझाने के बाद भी भीड़ अपनी मांगों पर अड़ी रही। बाद में विभाग के अधिकारी ने सरकारी प्रावधान के तहत पांच लाख रुपये का मुआवजा व मृतक की पत्नी को नौकरी पर रखे जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम को हटाया जा सका।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि रांगा मोड़ के पास बिजली में आई खराबी को ठीक करने के लिए मनोज पोल पर चढ़ा था। उसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए कुंडा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए देवघर एम्स ले जाने की सलाह दी गई। लेकिन, एम्स ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।


