
Deoghar : देवघर नगर थाना इलाके के सलोनाटांड़ पार्क स्थित एक तालाब के बगल में एक दिन पूर्व से गायब युवक का शव पुलिस ने बरामद किया है। मृतक की पहचान सलोनाटांड़ निवासी चिंटू महथा का 18 वर्षीय पुत्र विनोद महथा के रूप में की गयी है। मृतक बीते रविावार शाम से ही गायब था।

दूसरे दिन काफी खोजबीन के बाद नहीं मिलने पर परिजनों ने नगर थाना में सोमवार को गायब होने को लेकर शिकायत दर्ज कराया था। सोमवार की रात को करीब 9 बजे परिजनों को किसी ने जानकारी दी की सलोलना टांड पार्क स्थित तालाब के बगल में उसके बेटे का शव पड़ा है।

सूचना मिलते ही परिजन घटना स्थल पहुंचे और उसकी पहचान कर नगर पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही नगर पुलिस देर रात घटना स्थल पहुंची और उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने घटना स्थल के पास से ही मृतक की बाइक बरामद कर थाना ले आयी। वहीं मृतक का मोबाइल गायब बताया जाता है। मृतक के मां और पिता ने हत्या कर फैंकने का आरोप लगाया है।
सुबह परिजनों का लगा अस्पताल में जमावड़ा
घटना की जानकारी मिलते ही अहले सुबह परिजनों का सदर अस्पताल परिसर में जमावड़ा लग गया। मृतक की मां और पिता एवं परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल हो गया था। मृतक अपने माता पिता का बड़ा बेटा था। पिता के साथ टोटो चलाकर घर परिवार का खर्च चलाने का काम करता था।
पुलिस को दिये बयान में मृतक युवक की मां सूलोचना देवी ने सलोनाटांड़ के ही पांच लोगों पर बेटे की हत्या कर फेंकने का आरोप लगाया है। वहीं मां ने कहा है कि पिछले करीब दो वर्ष से उसके बेटे का रिखिया थाना इलाके की रहने एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वे लोग दोनों की शादी कराने के लिये तैयार थे।
लेकिन लड़की के माता पिता तैयार नहीं थे। बेटा जब लड़की से मिलने जाता था तो उसके माता पिता मारपीट कर जान मारने की भी धमकी देते थे। बताया कि सलोनाटांड़ के ही चार- पांच युवक के साथ वह रविवार की शाम को निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। देर रात को उसका मोबाइल बंद मिला तो नाते रिश्तेदार के घर भी पुछताछ किया लेकिन कहीं कोई उसके बारे में जानकारी नहीं मिली।
उपरांत सोमवार को नगर थाना में गायब होने की शिकायत दर्ज कराया। बताया कि सोमवार की रात करीब 9 बजे के आसपास सलौनाटांड़ के ही उसके एक दोस्त ने जानकारी दी की उसका शव पार्क स्थित तालाब के पास पड़ा है। सूलोचना देवी ने सलौनाटांड़ इलाके के रहने वाले पाचं लोगों पर बेटे की हत्या कर फेंकने का आरोप लगाया है। इधर नगर पुलिस बयान लेकर जांच पड़ताल में जुट गयी है।


