
Palamu News : पलामू में 48 घंटे के भीतर पांच बच्चों सहित सात की डूबने से मौत हो गई है। पांकी थाना क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर दो बच्चे डूब गए। इनमें से एक का शव सोमवार को मिल गया है। दूसरे की तलाश जारी है।

चैनपुर के बुढ़ीवीर गांव में 26 साल की महिला की मौत नदी में नहाने के दौरान डूबने से हो गयी। मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के रजवाडीह-बड़कागांव से दो दिन लापता राकेश तिवारी का शव गढवा में कांडी थाना क्षेत्र के कोयल नदी से बरामद किया गया।

इससे पहले शनिवार को दो मौसेरे भाई बांध में नहाने गए थे। 9 वर्षीय आरो तिवारी और 6 वर्षीय अर्पित दुबे का शव रविवार को रेड़मा के बड़काबांध से मिला था। रविवार को ही पाटन थाना क्षेत्र के गंगतुआ गांव में एक और घटना हुई।
12 वर्षीय अर्जुन भुइयां गांव के नौका आहर में दोस्तों के साथ नहाने गया था। वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। देर शाम तक उसका शव बरामद कर लिया गया।
पहली घटना पांकी प्रखंड के पकरिया पंचायत के लालिमाटी गांव की है, जहां साबिर अंसारी का 13 वर्षीय पुत्र समीर अंसारी अन्य बच्चों के साथ नदी में नहाने गया हुआ था। नहाने के दौरान वह नदी में डूब गया। सोमवार दोपहर तक उसका कहीं अता पता नहीं चल सका है। एनडीआरएफ बुलाने की मांग की जा रही है।
दूसरी घटना पांकी प्रखंड के ढुब पंचायत अंतर्गत उकसु गांव की है जहां चिंतामणि राम का 17 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार रविवार की शाम अमानत नदी में नहाने के दौरान डूब गया। सोमवार को घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर आगे ढुब गांव स्थित अमानत नदी में नाबालिग का शव पाया गया।
चैनपुर थाना क्षेत्र के बुढीबीर गांव में उमेश चंद्रवंशी की 26 वर्षीय पत्नी ममता देवी रविवार शाम में तहले नदी में कपड़ा धोने गई थी। करीब 5 बजे वहां नहाने करने के क्रम में डूबने लगी।
पास में काम कर रहे उसके देवर छोटू चंद्रवंशी ने देखकर हल्ला करते हुए किसी तरह पानी से बाहर निकाल कर गंभीर स्थिति में मेदिनीनगर एमआरएमसीएच में लाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। (HS)


