
Deoghar News : देवघर जिले में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के चार आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक नागेंद्र कुमार मंडल एवं पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कृष्णा की टीम ने छापेमारी कर बिहार और झारखंड के चार साइबर ठगों को दबोचा।

गिरफ्तार आरोपितों में बिहार के बांका जिला अंतर्गत कटोरिया थाना क्षेत्र के कडवामारनी गांव निवासी सुमरित कुमार, देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के बाराकोला गांव निवासी अमित कुमार एवं राजू कुमार ठाकुर तथा दुमका जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मालभंडारो गांव निवासी सूरज कुमार मंडल शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड और एक प्रतिबिंब सिम कार्ड बरामद किया है। बरामद मोबाइल फोन की तकनीकी जांच में साइबर ठगी में उनकी संलिप्तता की पुष्टि हुई।
थाना लाकर पूछताछ के दौरान सभी आरोपितों ने साइबर अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार करते हुए बताया कि वे फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का झांसा देते थे और ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।
पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।


