रांची।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International women's day) पर सोमवार को रांची रेलवे स्टेशन (Ranchi Railway Station) को पूरी तरह महिला कर्मी संभालेंगी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 मार्च को रेलवे ने पहली बार रांची रेलवे स्टेशन के संचालन का जिम्मा महिला रेल कर्मियों को देने का निर्णय लिया है।
डीआरएम नीरज अंबष्ठ की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। ऐसा पहली बार होने जा रहा है। इसमें ट्रेन ऑपरेशन से लेकर स्टेशन पर टिकट काउंटर, सुरक्षा, सफाई कर्मी, टिकट चेकिंग सारी जगह महिलाओं को ड्यूटी पर लगाया जाएगा।
फिलहाल, रांची रेल डिवीजन में 650 महिला रेल कर्मी काम कर रहीं हैं। उनके मनोबल को बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया गया है। रांची रेलवे स्टेशन पर 8 मार्च को करीब एक सौ से ज्यादा महिलाओं को ड्यूटी पर लगाया जाएगा। स्टेशन मैनेजर पहली बार एक दिन के लिए महिला को बनाया जाएगा, जो पूरा मैनेजमेंट देखेगी।
रांची-लोहरदगा ट्रेन भी महिलाएं ही संभालेंगी
इधर, 8 मार्च को रांची-लोहरदगा के बीच ट्रेन का परिचालन महिलाओं के हाथ में रहेगा। ट्रेन ड्राइवर से लेकर गार्ड और टीटी के साथ ट्रेन में सुरक्षाकर्मी भी महिलाएं होंगी। इसके लिए डीआरएम (DRM) ने आदेश जारी कर दिया है।