
Deoghar : देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के घोरमारा बांक निवासी 25 वर्षीय प्रियंका कुमारी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मौत की खबर सुनने के बाद दुमका जिला के सरैयाहाट थाना क्षेत्र से उसके मायके वाले मृतका के घर पहुंचे।

उन लोगों ने मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। वे लोग प्रियंका के ससुराल वालों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इस घटना की सूचना मिलने पर मोहनपुर थाना की पुलिस ने रात को गांव पहुंचकर मामले की छानबीन की। वे लोग शव को उठाने का प्रयास कर रहे थे।

लेकिन गिरफ्तारी की मांग पर अड़े मृतका के मायके वालों ने शव को उठाने से मना कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल छापेमारी की। काफी प्रयास के बाद रात करीब तीन बजे पुलिस ने मृतका के पति विकास कुमार को हिरासत में लिया।
उसके बाद मायके वालों का गुस्सा कुछ शांत हुआ और शव हो उठाकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।
वहीं घटना के संबंध में मृतका की मां सुमा देवी ने बताया कि 2021 में जमीन बेचकर बेटी की शादी की थी। बाद में उससे दो लाख की मांग कर रहे थे। मांग पूरा नहीं करने पर ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे।
इसी कारण उन लोगों ने हाथ पैर बांधकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को लटका दिया।
पुलिस को मामले में किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मामले की छानबीन की जा रही है।


