
Deoghar: जसीडीह थाना क्षेत्र के तुलसीतांड के पास चलती ट्रेन में पत्थरबाजी किये जाने से एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का नाम सुनील वर्मा है जो बिहार के जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

जसीडीह आरपीएफ पुलिस के द्वारा उसे इलाज के लिए देवघर पहुंचाया गया। घटना के संबंध में घायल सुनील वर्मा ने बताया कि वह काम करने के लिए लोकल ट्रेन से झाझा स्टेशन से देवघर आ रहा था। उसी क्रम में तुलसीतांड के पास किसी ने चलती ट्रेन पर पत्थर चला दिया। वह खिड़की के पास बैठा हुआ था। सुनिल के सीने पर पत्थर जाकर लगा जिससे वह बेहोश हो गया।

जसीडीह रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद आरपीएफ जवान के द्वारा एंबुलेंस के माध्यम से उसे देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है। वहीं घटना को लेकर रेल पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है ।


