
Jamshedpur: टाटानगर पोस्ट ऑफिस (Tatanagar Post Office) में ड्यूटी के दौरान खुलेआम शराब पीने के मामले में डाक विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए 3 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। जबकि एक अन्य कर्मचारी को ड्यूटी से हटा दिया गया है। मीडिया के जरिये केंद्रीय संचार मंत्रालय के संज्ञान में आने के बाद यह कार्रवाई की गयी है।

वरीय डाक अधीक्षक परमानंद कुमार के निर्देश पर एएसपी (वेस्ट) परीक्षित सेठ ने इस मामले की जांच की। जांच में आरोप सही पाये गये। इसके बाद एलएसजी डाक सहायक नितेश कुमार, ओवरसियर अमित कुमार ठाकुर और नाइट गार्ड जितेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जीडीएस बीपीएम सूरज कुमार साहू को भी ड्यूटी से हटा दिया गया है।

बता दें कि 3 मई 2025 की रात को टाटानगर पोस्ट ऑफिस परिसर में डाक कर्मचारियों ने परिसर के भीतर खुलेआम शराब का सेवन किया था। इस संबंध में एक मीडिया रिपोर्ट सामने आने के बाद विभागीय जांच के आदेश जारी किये गये थे।
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के संज्ञान में आते ही डाक विभाग ने ऐसी अनुशासनहीनता को गंभीर सेवा उल्लंघन माना। मंत्री ने स्पष्ट किया कि कार्यालय परिसर में इस प्रकार का आचरण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।


