
Deoghar: देवघर जिले में अलग-अलग स्थान पर हुए सड़क हादसे में जहां दो व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक का नाम 18 वर्षीय कृष कुमार साकिन कुंडा थाना कुंडा और 35 वर्षीय गणेश किस्कू साकिन झुंडी थाना देवीपुर है।

वहीं घायल का नाम दीपक कुमार है जो नगर थाना क्षेत्र के बेलबागान दुर्गाबाड़ी का रहने वाला है। बताते चलें कि मृतक कुंडा निवासी कृष कुमार अपने मित्र स्टेशन रोड निवासी आयुष कुमार के साथ मंगलवार की शाम को बूढई मेला देख कर बाइक से वापस घर लौट रहा था। उसी दौरान बूढाई – देवीपुर मुख्यमार्ग पर चौधरीडीह के पास एक ऑटो से बाइक की टक्कर हो गई। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गया।

देवीपुर पुलिस की मदद से दोनों को देर शाम को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां देर रात को इलाज के क्रम में कृष कुमार की मौत हो गई। दूसरी घटना बुधवार की अहले सुबह बूढाई -देवीपुर बाईपास पर स्थित कासीडीह चौक के पास की है। जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को धक्का मार दिया और फरार हो गया। जिसमे बाइक सवार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
मृतक का नाम 35 वर्षीय गणेश किस्कू है जो देवीपुर थाना इलाके के झुंडी गावं का रहने वाला है। स्थानीय लोगों के द्वारा घटना की जानकारी देवीपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा को दिया गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी घटनास्थल पहुंचे और मृतक के शव को एम्बुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि गणेश रात को बूढाई मेला देखने गया था। बाइक से वह मेला देख कर वापस घर लौट रहा था। इस दौरान अज्ञात वाहन ने उसके बाइक में जोरदार धक्का मार दिया। उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। बताया जाता है कि गणेश किस्कू ग्रामीण चिकित्सक का भी काम करता था। जिससे वह अपने परिवार का भरण पोषण करता था।



