Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बाजला चौक के पास स्थित आरोग्य शिशु केन्द्र में इलाज के क्रम में एक बच्चे की मौत हो जाने के बाद मृतक के स्वजनों ने रविवार सुबह जमकर हंगामा किया।

इस घटना में क्लीनिक में तोड़फोड़ व चिकित्सक से मारपीट किया गया। जिससे चिकित्सक कुंदन कुमार घायल हो गए हैं।

घटना के संबंध में बताया गया कि जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के गौरीगंज गांव निवासी अजीत कुमार अपने दस माह के बच्चे अनुराग को इलाज के लिए लेकर आया था। वहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। स्वजनों का आरोप था कि इलाज में लापरवाही बरते जाने के कारण उसकी मौत हो गई। उसे गलत सूई दे दिया गया जिस कारण उसकी मौत हो गई।
वहीं इस बारे में चिकित्सक ने बताया कि बच्चे को लेकर घर के लोग आए थे। उसने इलाज के लिए दवा दिया तो वे लोग बच्चे को लेकर घर चले गए। फिर से रात को बच्चे को लेकर आए। बच्चे को सूई देने की सलाह दी गई। लेकिन उन लोगों ने सूई लगवाने से इंकार कर दिया। उसके बाद वे लोग चले गए। अहले सुबह करीब तीन बजे बच्चे को लेकर आए। बच्चे का जांच किया तो पाया कि उसकी मौत हो चुकी है। उसके बाद वे लोग आक्रोशित हो गए। गाली गलौज करने लगे। सड़क जाम करने की बात कही। उसके बाद वे लोग पथराव करने लगे।
बाद में कुछ लोग गेट बंद रहने के कारण दीवार फांदकर अंदर घुसे और मारपीट किया। इस घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं क्लीनिक में तोड़फोड़ किए जाने का भी आरोप है।
इधर, दोनों पक्षों की ओर से घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। नगर थाना की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
वहीं इस बारे में मृत बच्चे के पिता से उनका पक्ष जानने के लिए फोन किया गया लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला।



