
Deoghar: रामनवमी के अवसर पर निकले जुलूस में डीजे बजाने को लेकर बीजेपी नेता सह पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संजय यादव समेत सात लोगों के खिलाफ जिले के मधुपुर में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने सभी पर न्यायालय के आदेश की अवहेलना, साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है।

आरोप है कि पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संजय यादव, मुकेश यादव, अजय यादव, मनीष कुमार यादव, टिकू यादव, सागर जयसवाल और शंकर यादव के अलावा, 50-60 अज्ञात लोगों ने भी हंगामा किया और डीजे बजाने पर जोर दिया और हंगामा किया।
दरअसल, रामनवमी पर्व के मौके पर देवघर जिले के मधुपुर अनुमंडल क्षेत्र के डंगालपाड़ा स्थित दुर्गा मंदिर से निकले जुलूस में डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ।
प्रशासन के मुताबिक उन्होंने पहले ही न्यायालय के आदेश के तहत जुलूस में डीजे पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बावजूद,एक पिकअप वैन को डीजे लगाकर जुलूस में शामिल करने की कोशिश की गई। जब प्रशासनिक अधिकारियों ने इस पर रोक लगाई, तो आरोपियों ने उग्र होकर हंगामा किया। साम्प्रदायिक भावनाएं भड़काने वाले बयान दिए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस अधिकारी सतेंद्र प्रसाद ने मौके पर पहुंचे और सभी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद,जुलूस में जबरन डीजे बजाया गया और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया गया।
जिसके बाद न्यायालय आदेश की अवहेलना, सरकारी कार्य में बाधा और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का मामला दर्ज किया है। जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।


