
Deoghar: बाबा मंदिर थाना क्षेत्र स्थित फुट ओवर ब्रिज में रविवार सुबह करीब 10:30 बजे अत्यंत अधिक भीड़ होने के कारण कतार में श्रद्धालुओं के बीच आगे बढ़ने की होड़ को लेकर अचानक मारपीट शुरू हो गयी। आसपास में खड़े श्रद्धालुओं ने बीच बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन कोई किसी की एक नहीं सुन रहे थे।

इस घटना में दो श्रद्धालु मामूली रूप से घायल हो गये। उपरांत हो हल्ला सुनकर स्थानीय लोगों ने बाबा मंदिर पुलिस को इसकी सूचना दी। बाबा मंदिर की पुलिस घटनास्थल फुट ओवर ब्रिज पर पहुंची और दोनों श्रद्धालुओं को वहां से निकाल कर बाबा मंदिर कंट्रोल रूम लाया गया। जहां पर दोनों को काफी समझाया बुझाया गया। लेकिन कोई भी समझने के लिए तैयार नहीं हो रहे थे। इसके बाद मजिस्ट्रेट और बाबा मंदिर थाना प्रभारी की पहल पर दोनों पक्ष के श्रद्धालुओं को शांत कराया गया और दोनों घायलों को इलाज के लिए बाबा मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां पर इलाज के बाद दोनों घायलों को छुट्टी दे दी गई है ।

बता दे कि इस तरह का माहौल आए दिन मंदिर में देखा जाता है। बाबा मंदिर थाना में पुलिस की कमी के कारण भीड़ पर नियंत्रण करने में काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
मंदिर मजिस्ट्रेट कमलेश कुमार ने बताया कि एक दूसरे से आगे निकलने को लेकर बिहार के पटना और बंगाल के कोलकाता के श्रद्धालु आपस में भीड़ गए थे। जिसको शांत कराया गया और घायलों का इलाज कर दिया गया है।


