
Deoghar: क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ठगी करने वाले 11 साइबर ठगी के आरोपितों को साइबर थाना की पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपितों के पास से 11 मोबाइल फोन और 15 सिम कार्ड बरामद किया गया है। इसमें से चार सिम कार्ड पर पहले से प्रतिबिंब पोर्टल पर आनलाइन शिकायत दर्ज है।

सभी को जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के पहरीडीह गांव के पास स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण केन्द्र के पास से पकड़ा गया है। पूछताछ के क्रम में इन आरोपितों ने बताया कि ये लोग एसबीआइ क्रेडिट कार्ड व टाटा कार्ड उपभोक्ताओं को फर्जी लिंक और एपीके फाइल भेजकर कार्ड को अपडेट करने का झांसा देकर उनके क्रेडिट कार्ड की सारी जानकारी हासिल कर ठगी का शिकार बनाते हैं। वहीं फर्जी सरकारी व ब्लाक लेबल पदाधिकारी बनकर आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, किसान समृद्धि योजना, मईया योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार बनाते हैं।

साइबर थाना की पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात नंबर से काल आने पर अपनी कोई निजी जानकारी उनसे साझा नहीं करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। अनजान नंबर से भेजे गए लिंक या एप को डाउनलोड नहीं करें। पूछताछ करने के बाद सभी साइबर ठगी के आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।
कौन-कौन गये जेल
धराये आरोपितों में जिले के सारठ थाना क्षेत्र के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के दुधवाजोरी गांव निवासी जितेन्द्र दास, सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के कुरुवा गांव निवासी मेहताब अंसारी, सारवां थाना क्षेत्र के सरपत्ता गांव निवासी डीसी कुमार दास, इसी थाना क्षेत्र के चरघरा गांव निवासी निपु कुमार दास, खैरवा गांव निवासी धनंजय कुमार दास, जिले के करौं थाना क्षेत्र के केनवरिया गांव निवासी रामचंद्र दास, श्रीकांत दास, पथरौल थाना क्षेत्र के लेड़वा गांव निवासी विजय कुमार दास, मिथुन कुमार दास, मुकेश कुमार दास शामिल हैं।


