
Deoghar: रिखिया थाना क्षेत्र के अठमोरिया लकड़ीगंज गांव के एक शादी समारोह से निकल रहे अधेड़ को बाइक सवार अपराधियों ने बुलाकर सिर में गोली मार दी। घटना रविवार की देर रात करीब 12:00 बजे की है। घटना में लकड़ीगंज निवासी 45 वर्षीय राजेंद्र महथा के सिर में गोली लगी। जिससे उसकी मौत हो गई।

चिकित्सकों ने किया रेफर, मौत

बताया जाता है कि शादी समारोह स्थल से महज 500 मीटर दूरी पर गोली मारी गई। गोली की आवाज सुनकर समारोह स्थल से लोग दौड़े और तुरंत राजेंद्र को उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। यहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन राजेंद्र को बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से बाहर ले गए। जहां उसकी मौत हो गई।
बारात निकलने से पहले मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, अठमोरिया में राजेंद्र के मौसेरे भाई के बेटे की बारात निकलनी थी। उसी समारोह में वह पहुंचा और बाहर निकल ही रहा था कि उसे बाइक सवार ने बुलाकर कुछ दूर आगे ले जाकर गोली मार दी। लोग बता रहे हैं कि राजेंद्र के साथ उसका भतीजा था, जिसने बाइक सवार को देखा है। हालांकि गोली उसे क्यों मारी गई, इसका पता अभी नहीं चल सका है।
परिजनों का अस्पताल में दिखा आक्रोश
घटना की जानकारी पाकर उसके परिजन सहित रिश्तेदार काफी संख्या में देर रात ही सदर अस्पताल पहुंचे। राजेंद्र के परिजन सहित रिश्तेदार काफी आक्रोश में दिखे। गाली-गलौज कर हो-हंगामा किया और अस्पताल के बाहर रखे स्ट्रेचर आदि को वे लोग धक्का देकर उलटने लगे। जिससे अस्पताल में भय का माहौल हो गया था।



