
DEOGHAR : मधुपुर में 13 फरवरी को अपराधियों ने मधुपुर थाना क्षेत्र के महुआडाबर मध्य विद्यालय के 52 वर्षीय प्रधानाध्यापक संजय दास की बम मारकर कर हत्या कर दी थी। घटना उस वक्त हुई जब संजय दास स्कूल से बायोमेट्रिक्स कराकर किसी काम से स्कूटर से जा रहे थे।

तभी पिपरासोल के पास घात लगाए अपराधियों ने उन पर बम से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे जिले में पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ आवाज उठ रही थी।

हत्याकांड के खुलासे के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। पुलिस ने जांच के क्रम में पहले 62 वर्षीय बलदेव राय को गिरफ्तार कर लिया। फिर गुरुवार को तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार लोगों में पटवाबाद निवासी दाउद अंसारी, मछुआटांड़ निवासी दामोदर सिंह ऊर्फ भुदाली सिंह और कजरा गांव निवासी मुकेश चौधरी शामिल है।
दाउद अंसारी पर बम का मसाला उपलब्ध कराने, मुकेश पर केयरटेकर बलदेव राय को बम के लिए पैसा देने और दामोदर सिंह पर हत्याकांड में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस ने तीनों का सामान्य चिकित्सीय जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसके पूर्व धमना कोठी के केयरटेकर बलदेव राय को पुलिस ने हत्याकांड मामले में जेल भेजा है।
पुलिस अभी पूरे मामले की छानबीन कर रही है।


