
Deoghar: आदिवासी युवती से शादी का झांसा देकर दो साल तक यौन शोषण करने और फिर उसका फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में साइबर थाना की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पकड़ा गया आरोपित विक्की चौधरी नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया मोहल्ला के गांधी नगर का रहने वाला है। बताया जाता है कि पीड़िता गिरिडीह जिला के बेंगाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली है।

युवक देवघर थाना क्षेत्र के कास्टर टाउन में एक जगह पर गार्ड की नौकरी करता था। वहीं पर पीड़ित युवती भी काम करती थी। दोनों के बीच पहचान हुई। फिर प्यार हुआ। आरोपी युवक शादी का झांसा देकर युवती के साथ दो वर्ष तक यौन शोषण करता रहा। बाद में शादी का दबाव बनाने पर उसने युवती का फोटो व वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया।
पूरी घटना के बारे में युवती ने शिकायत पुलिस से की। जिसके बाद साइबर थाने में मामला दर्ज कर आरोपित युवक को जेल भेज दिया गया है।
साइबर थाना की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


