
Deoghar : देवघर-भिरखीबाद मुख्य मार्ग परनगर थाना क्षेत्र के गुलीपाथर स्थित पेट्रोप पंप के पास ट्रक को रोक कर सरिया व चालक के पास से आठ हजार नकद लूट लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। यह घटना मंगलवार की रात घटी है।

इस संबंध में पीड़ित ट्रक चालक पंकज कुमार ने बताया कि वह सीमावर्ती बिहार के जमुई जिला के चकाई थाना क्षेत्र के सरौन गांव का रहने वाला है। वह अपने ट्रक पर गिरिडीह के लाल स्टील फैक्ट्री से सरिया लोड कर साहेबगंज जा रहा था।

इसी दौरान देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र के रोहिणी गांव के पास स्थित टोल ट्रैक्स काउंटर के पास से बाइक सवार तीन युवकों ने ट्रक का पीछा किया। गुलीपाथर पेट्रोल पंप के पास ट्रक को ओवरटेक करके रोका।
ट्रक के रुकते ही चालक को नीचे उतार उसके साथ मारपीट किया। उसकी जेब से आठ हजार नकद छीन लिया। मारपीट किए जाने से चालक घायल हो गया।
बाद में पीछे से एक ट्रैक्टर पर सवार पांच अन्य युवक आए। सभी ने मिलकर ट्रक से करीब चार टन सरिया जबरन उतार लिया। छड़ को ट्रैक्टर पर लोड करने के बाद सभी बदमाश वहां से फरार हो गए।
उसके बाद चालक ने इसकी सूचना 100 डायल पर दिया। उसके बताए अनुसार जसीडीह पुलिस मौके पर पहुंची। उसके बाद नगर थाना की गश्ती दल भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस चालक को पूछताछ के लिए पहले जसीडीह थाना ले गई। वहां से पता चला कि मामला नगर थाना का है।
पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई। पुलिस कैमरा के फुटेज को खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस घटना को अंजाम देने वाले अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी है।
साथ ही लूटे गए सरिया का भी पता लगाया जा रहा है। वहीं हादसे में घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।


