
Deoghar: केंद्रीय स्वास्थ्य योजनाओं का भौतिक सत्यापन करने पहुंची स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार की पोपुलेशन रिसर्च सेंटर (PRC) की दो सदस्यीय टीम में शामिल डा. प्रियंका व डा. प्रज्ञा सदर अस्पताल पहुंची।

इस दौरान टीम ने सदर अस्पताल में केंद्रीय स्वास्थ्य योजनाओं का बारी-बारी से ना केवल भौतिक सत्यापन किया बल्कि योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की। इससे पहले टीम ने अस्पताल के ओटी, महिला वार्ड, लेवर वार्ड, इमरजेंसी, सभी ओपीडी, आइसीयू, एसएनसीयू, आयुष्मान वार्ड , दवा वितरण केंद्र सहित अन्य वार्डों का बारी-बारी से निरीक्षण किया।

ओपीडी निरीक्षण के दौरान तैनात चिकित्सक से आने वाले मरीजों से संबंधित जानकारी हासिल की। वहीं दवा वितरण केंद्र में मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली दवाओं के बारे में जाना। आपरेशन थिएटर में उपलब्ध स्वास्थ्य उपकरणों से अवगत हुईं। लेवर वार्ड व आयुष्मान वार्ड के मरीजों से मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल जाना। वहीं केंद्रीय टीम को सिविल सर्जन डा. युगल किशोर चौधरी ने जिला में सीमित संसाधन में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर अवगत कराया।
बताया कि योजनाओं को और बेहतर किए जाने के लिए मानव संसाधान की कमी और तकनीकी विशेषज्ञ की आवश्यकता है। टीम में शामिल सदस्यों ने निरीक्षण करने के बारे में कुछ बताने से साफ इंकार किया। केवल इतना कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य योजनाओं की भौतिक समीक्षा करने आई थीं।
निरीक्षण के आधार पर एक रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को सौंपा जाएगा। इस दौरान उपाधीक्षक डा. प्रभार रंजन, डा. मनीष शेखर, डा. दिग्विजय भारद्वाज, अस्पताल प्रबंधक अनिमेष घोष सहित अन्य मौजूद थे।


