
Deoghar News : देवघर-हंसडीहा सड़क पर मोहनपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया मोड़ के पास सोमवार कि देर शाम को कार और पिकअप में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद श्रद्धालुओं से भरा पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में पिकअप पर सवार 10 श्रद्धालुओं में से तीन घायल हो गए।

घायलों में सरल शर्मा, विनोद दास एवं छतिया देवी शामिल हैं। सभी बिहार के गोपालगंज जिला अंतर्गत बरौली थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया गया कि सभी श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ में पूजा-अर्चना करने के बाद रिखिया बाईपास होते हुए बासुकीनाथ की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान डुमरिया मोड़ के पास यह हादसा हुआ। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर ने एक घायल की हालत गंभीर बताते हुए प्राथमिक उपचार के बाद वार्ड में भर्ती कर लिया है, जबकि अन्य सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मोहनपुर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।



