
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के कास्टर टाउन मोहल्ला स्थित एक मकान के कमरे से एक युवती का शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान वर्द्धमान जिला के टेटीखोला आरा निवासी 30 वर्षीय ब्यूटी राणा के रूप में की गई। शव की हालत को देखकर अंदाज लगाया गया कि उसकी मौत कई दिन पूर्व हुई होगी। शव से दुर्गंध भी निकल रहा था।

सूचना पर नगर थाना के एसआइ अरुण दत्त शर्मा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने जब कमरे की तलाशी ली तो शराब व बियर की खाली बोतल पाया। बाद में पुलिस ने युवती के संबंध में मकान मालिक सहित आसपास मौजूद लोगों से जानकारी ली। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना की सूचना मृतका के स्वजनों को दे दी गई है। मकान मालिक बीपी सिंह ने पुलिस को बताया कि वह उनके घर में किराए पर रहती है। वह एक निजी अस्पताल में काम करती थी। कमरे से उसके आने-जाने का रास्ता पीछे से है। शुक्रवार सुबह वह मकान के आसपास साफ-सफाई करा रहे थे। उसी दौरान उसके कमरे से तेज गंध महसूस हुआ। अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
इधर अस्पताल के प्रबंधन का कहना है कि वह पिछले तीन-चार दिनों से काम पर नहीं आ रही थी। पुलिस मृतका के स्वजनों का इंतजार कर रहे है। स्वजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



