
Deoghar: देवघर के शिवपुरी मोहल्ला में उस वक्त अफरा तफरी का माहौल हो गया जब अचानक एक साथ चार बसों में आग लग गई। और देखते ही देखते बसें जलकर राख हो गई। घटना सोमवार शाम की है।

बताया जाता है कि चारों बसे खड़ी थी। अचानक एक साथ चार बसों में आग लग गई और देखते ही देखते ही आग की लपटें आसमान की ओर ऊंची उठने लगी। धुआं चारों ओर फैल गया। लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। इस बीच आग को बुझाने के लिए बस मालिक दिनेशानंद झा, कई स्टाफ सहित अन्य सभी मोहल्लावासियों ने काफी कोशिश की लेकिन आग फैलती चली गई।
बाद में दमकल की दो गाड़ी मौके पर पहुंची और घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
बसों के मालिक सह देवघर बस ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेशानंद झा ने बताया कि सभी बसें चालू हालत में थी। आग कैसे लगा इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है।लेकिन आशंका व्यक्त की कि इसके पीछे असामाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है।
बताया कि इधर कुछ दिनों से इस इलाके में असामाजिक तत्वों का जामवाड़ा लगा रहता था। जो यहां आकर नशे का सेवन करते थे। कई बार उनलोगों को भगाया भी गया था। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई थी।
उन्होंने बताया कि लगभग दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।


