
Deoghar: देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के रिखिया-चितकाठ मुख्य सड़क पर शुक्रवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गयी, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गयी।

मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के हरदलाकुंड निवासी राजू कुमार रवानी (24 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि राजू अपनी बहन रोनी कुमारी के साथ बाइक से नया चितकाठ गांव एक शादी समारोह में शामिल होने गये थे। शादी समारोह से वापस लौटने के क्रम में रिखिया-चितकाठ सड़क पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजू सड़क पर गिरकर वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।

घटना में बहन रोनी कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही रिखिया थाना प्रभारी सदलबल मौके पर पहुंचे। घायल को तुरंत देवघर सदर अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया। वहीं, पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। इधर , घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।


