
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र स्थित जूनबांध मोहल्ला शुक्रवार को दिनभर पुलिस छावनी में तब्दील रहा। यहां शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने प्रतिबंधित मांस का टुकड़ा (हड्डी) फेंके जाने का आरोप लगाते हुए आक्रोश व्यक्त किया। खबर फैलते ही देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुटने लगी। कुछ संगठन से जुड़े लोग भी बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। जो धार्मिक भावना के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।

माहौल तनावपूर्ण देखते हुए आसपास की दुकानें स्वत: बंद हो गई। सूचना पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि स्थिति को भांपते बाद में बड़ी संख्या में महिला व पुरुष जवानों को तैनात कर दिया गया।

एसडीपीओ व नगर थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोश व्यक्त कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने का काफी प्रयास किया लेकिन माहौल शांत नहीं हो रहा था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ला के लोग रोज सुबह पूजा करने बाबा मंदिर जाते हैं। इस तरह की हरकत से उनकी भावना को ठेस पहुंचती है।
माहौल की स्थिति पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरा की भी मदद ली गई। ड्रोन कैमरा से पूरे मोहल्ला का मुआयना किया गया। हालांकि इस दौरान आपत्तिजनक जैसी कुछ भी चीज सामने नहीं आई। उसी दौरान घटनास्थल के आसपास इलाके की वीडियो और फोटोग्राफी भी कराई गई। बाद में एसडीएम भी घटनास्थल पर पहुंचे।
एसडीएम ने जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। तब जाकर मामला शांत हुआ। माहौल बिगड़े नहीं इसलिए रास्ते की बैरिकेडिंग भी की गई।
घटनास्थल से बरामद मांस का टुकड़ा (हड्डी) को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया गया है।
मामले की हो रही जांच: एसडीएम
अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने कहा कि तीन-चार दिनों पहले टोटो वाले के साथ विवाद हुआ था। यहां दोनों समुदाय के लोग रहते है। आज सुबह लोगों ने प्रतिबंधित मांस का टुकड़ा फेंके जाने का आरोप लगाया। इसको लेकर लोगों में आक्रोश है। इसमें अभी तक किसी का नाम सामने नहीं आया है। सभी साक्ष्य को खंगाला जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है। यहां केवल हड्डी पाया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।


