
Deoghar: देवघर नगर थाना इलाके के देवघर कॉलेज मैदान में स्थित कुएं से बरामद हत्या कर फेंके गए युवक के शव मामले की गुत्थी को नगर पुलिस अब तक नहीं सुलझा पायी है। बताते चलें कि युवक का शव एक मई को दिन में बरामद किया गया था। आसपास के लोगों ने शव को तैरते हुए देखा तो पुलिस को जानकारी दी। पुलिस वहां पहुंची और शव को कुंए से बाहर निकलवाया।

मृतक के सिर पर वार किए जाने का निशान था। वहीं उसका गला भी कपड़े के टुकड़े से घोंट दिया गया था। उसका दोनो हाथ भी पीछे की ओर से बंधा था। जिस रस्सी से उसका हाथ बांधा गया था उसी से उसका जुता भी बंधा हुआ था। इस घटना को लेकर नगर थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। शव के मिले एक माह से अधिक समय बीत चुका है लेकिन हत्यारों का पता लगाना तो दूर अब तक पुलिस मृतक की पहचान तक नहीं कर पाई है। ऐसा नहीं है कि पुलिस ने प्रयास नहीं किया है। पुलिस ने युवक के बारे में पता लगाने के लिए आसपास के थानों से संपर्क किया। आसपास के इलाके के लोगों से पता लगाया। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला है।

शव को देखने से लगता है कि उसकी हत्या कर कहीं से लाकर शव को इस कुआं में फेंक दिया गया था। मृतक का शरीर भारी था ऐसे में तय है कि शव रात के वक्त लाकर वहां फेंका गया। हैरानी की बात ये है कि क्या रात के वक्त कॉलेज का मेन गेट बंद नहीं रहता है। वहीं जिस कुआं से मृतक का शव बरामद किया गया उसके कुछ ही कदम की दूरी पर देवघर का शूटिंग रेंज है। वहां पर चौबिस घंटे सुरक्षा कर्मी तैनात रहते हैं। रात के वक्त एक भारी भरकम युवक का शव कुआं में जब फेंका गया होगा तो शव के पानी में टकराने के बाद जोरदार आवाज भी हुआ ही होगा। तो क्या ये आवाज वह भी रात के वक्त इन सुरक्षा कर्मियों के कान तक नहीं पहुंची। या फिर रात को वहां सुरक्षा कर्मी मौजूद ही नहीं थे। पुलिस जांच के दौरान इन सुरक्षा कर्मियों से भी पूछताछ की गई है। वहीं आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया है। लेकिन अब तक पुलिस का हाथ खाली है।
इस मामले में ये कहा जा सकता है कि जिस किसी ने भी इस शव को वहां लाकर फेंका होगा वह अकेला नहीं होगा और वह इस इलाके से पहले से पूरी तरह से वाकिफ था। पुलिस के लिए इस घटना कांड के गुत्थी को सुलझाना एक चुनौती बना हुआ है। पुलिस मामले को लेकर गहन छानबीन कर रही है।



