
Deoghar: देवघर जिले के मोहनपुर थाना इलाके के चितरपोका गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय की प्रधान शिक्षिका चांदनी कुमारी को उसी स्कूल के पारा शिक्षक शैलेश कुमार यादव ने गुरुवार को क्लास रूम में गोली मार दी। इस घटना में शिक्षिका चांदनी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मोहनपुर पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पारा शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।

उसके पास से पुलिस ने एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है । जबकि हथियार की तलाश की जा रही है। बताया जाता है आक्रोशित सहायक शिक्षक ने चांदनी कुमारी को गोली मारने के बाद कुरूमटांड जंगल की ओर आत्महत्या करने चला गया था। समय रहते पुलिस वहां पर पहुंचकर उसे धर दबोचा। आरोपित शिक्षक से पुलिस पूछताछ कर रही है।

सूत्रों की माने तो इस घटना को इनके बीच किसी व्यक्तिगत मतभेद के कारण अंजाम दिया गया है। घायल शिक्षिका ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि वह मूल रूप से दुमका जिला के जरमुंडी थाना क्षेत्र के घाेंघादेकचा गांव की रहने वाली है। वह देवघर जिला के मोहनपुर थाना इलाके के चितरपोका स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पिछले तीन वर्ष से प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत है। गुरुवार कि दोपहर में वह स्कूल के कमरे में थी। इस दौरान मोहनपुर थाना क्षेत्र के बंधु कुरुमटांड गांव निवासी स्कूल का पारा शिक्षक शैलेश कुमार यादव कमरे में आ धमका। उसने अचानक पिस्तौल निकालकर जान मारने की नीयत से उसके उपर गोली चला दी। उसने दो गोली चलाई। एक गोली चांदनी कुमारी के दांये हाथ के केहूनि के उपर लगी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वह वहीं पर गिर पड़ी। गोली लगने के कारण खून के छींटे चांदनी के चेहरे व शरीर के अन्य हिस्सों पर पड़े। वहीं फायरिंग कि आवाज सुनकर स्कूल के अन्य शिक्षक व स्टाफ वहां पहुंचे । उपरांत सबसे पहले स्थानीय मुखिया को जानकारी दी गई। उसके बाद एंबुलेंस बुलाकर घायल शिक्षिका को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। उसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए जिंदा कारतूस के साथ आरोपित शिक्षिक को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसके पास से घटना को अंजाम देने में प्रयोग किया गया पिस्तौल बरामद नहीं हुआ है जिसकी खोज की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक इन दोनों के बीच पहले से अनबन चल रहा था। पहले भी इनके बीच विवाद हुआ था। इस कारण आरोपित शिक्षक गुरुवार को चांदनी को जान मारने की नीयत से पहले से तैयारी कर के आया था। यहां उसने उसके उपर गोली चला दी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस मामले के सभी बिंदुओं पर गहन जांच करने में जुटी है।


