
Deoghar: साइबर ठगी मामले में संलिप्त गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साइबर ठगी के आरोपितों को नगर थाना क्षेत्र स्थित नंदन पहाड़ के समीप से गिरफ्तार किया गया है।

जिसमें पाथरोल थाना क्षेत्र के रुपाबाद गांव निवासी रमेश कुमार दास, जसीडीह थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव निवासी मंटु दास व करौं थाना क्षेत्र के बदीया गांव निवासी शौकत अंसारी शामिल है। इन सभी के पास से सात मोबाइल फोन व 27 सिम कार्ड बरामद किया गया है।

साइबर थाना की पुलिस को नंदन पहाड़ के समीप जंगल में छिपकर कुछ युवकों द्वारा साइबर ठगी के फिराक में होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने उक्त स्थान पर छापेमारी की। यहां तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए साइबर थाना लाई। यहां पूछताछ के क्रम में तीनों ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पूछताछ के क्रम में बताया कि लोगों को कभी केवाईसी अपडेट, तो कभी फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी तो गैस उपभोक्ताओं को बिल बकाया के नाम पर झांसा में लेकर ठगी का शिकार बनाते थे।
वहीं गिरफ्तार साइबर ठगों के पास से बरामद मोबाइल फोन को खंगाला गया। पुलिस ने इन मोबाइल से देश के विभिन्न राज्यों से साइबर लिंक का पता चला है। फिलहाल तीनों साइबर ठगों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


