
Madhupur (Deoghar) : हफीजुल हसन केला का पेड़ है, जीवन में दोबारा एमएलए नहीं बनेगा। ये बातें सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने मधुपुर में कही। उन्होंने मधुपुर विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी की जीत का दावा करते हुए कहा कि हम मधुपुर ही नहीं जामताड़ा भी जीत रहे हैं।

दरअसल, दुर्गा पूजा के दौरान हुई घटना की जानकारी लेने गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे चांदमारी मोहल्ला निवासी व्यवसायी प्रदीप मोदी के आवास पर पहुंचे थे। मौके पर उन्होंने दुर्गा पूजा के दौरान हुई घटना की निंदा करते हुए कहा कि मधुपुर की एकता को बाहर के लोग आकर खंडित करना चाहते हैं। प्रदीप मोदी के घर के पास मूर्ति रुकी, तिलक हुआ,आरती हुई, ये पहली बार नहीं था। लेकिन, इस बार कौन बड़ी बात हो गई। यह तो वर्षों से होता आ रहा है।

उन्होंने कहा कि घटना किसके बहकावे और उसकावें पर हुई ये जांच का विषय है। यदि मैं यहां का सांसद, गृह मंत्री अमित शाह और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं होते और मेरे द्वारा सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से गृह मंत्री को जानकारी नहीं दी जाती, तो जो हालात बने थे प्रदीप मोदी के घर को जला दिया जाता।
सांसद ने कहा कि मधुपुर के कुछ लोगों के सहयोग से बांग्लादेशी घुसपैठिए बस रहे हैं जो हिंदू मुस्लिम के नाम पर दंगा भड़काना चाहते हैं। मधुपुर के कई बूथ पर 123 से 140% तक वोटर बढ़े हैं। ये वोटर पैदा नहीं किए गए सभी बांग्लादेशी है। राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी तो इसका हिसाब किताब होगा। मधुपुर में इस बार हर हालत में भारतीय जनता पार्टी जीतेगी।
सांसद ने कहा कि हफीजुल के कहे अनुसार वो मेरा एफडी तो नहीं करा सके, अभी मेरा करंट अकाउंट ही चल रहा है। मैं पहले भी कह चुका हूं हफीजुल केला का पेड़ है एक बार एमएलए हो गया दोबारा एमएलए नहीं बनेगा।
डॉ दुबे ने दावा किया कि झारखंड में भारतीय जनता पार्टी दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी। जामताड़ा विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सीता सोरेन की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि संथाल परगना में पहली सीट भारतीय जनता पार्टी जामताड़ा से जीतेगी।


