
Deoghar: देवघर शहर के रहने वाले दिल्ली आईआईटी के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली है। छात्र यश कुमार देवघर के विलियम्स टाऊन स्थित विवेकानंद स्कूल के पास का रहने वाला था। उसका शव दिल्ली आईआईटी के अरावली हॉस्टल, कमरा नंबर- डी 57 में देर रात पंखे से लटका मिला है।

यश दिल्ली आईआईटी में एमएससी सेकेंड इयर का छात्र था। घटना की जानकारी मिलते ही पिता अनिल कुमार झा समेत परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

उधर, दिल्ली पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार देर रात यश ने हॉस्टल के कमरे में सीलिंग फैन में फंदा लगाकर झूल गया था। कमरा अंदर से बंद था। यश के दोस्त और हॉस्टल प्रबंधन को घटना की जानकारी मिली तो दरवाजे खुलवाने का काफी प्रयास किया गया। सफलता नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ कर फंदे से यश को नीचे उतारा गया और उसे इलाज के लिए पहले आईआईटी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संस्थान के अस्पताल की रिपोर्ट पर यश के दोस्तों को यकीन नहीं हुआ तो उसे सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। वहां पर भी डॉक्टरों द्वारा यश को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी गई।
घटना के बाद हॉस्टल के कमरे का क्राइम टीम ने निरीक्षण किया और साक्ष्य जब्त किए। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। छात्र की मेडिकल रिपोर्ट पुलिस ने जब्त की है। साथ ही यश के दोस्तों का बयान भी लिया गया है।
इधर, देवघर से परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं।


