
Ranchi: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने सोमवार देर रात 21 सीटों के लिए पार्टी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी।

महगामा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के द्वारा मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को प्रत्याशी घोषित किया गया है। इस घोषणा के बाद पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर उनका अभिनंंदन किया।

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें प्रत्याशी बनाया है, उस पर मैं खरा उतरने का काम करूंगी।
उन्होंने कहा कि “मुझे गर्व है कि पार्टी ने एक बार फिर मुझे महागामा से चुनाव लड़ने का अवसर दिया है। पिछले पांच वर्षों में हमने इस क्षेत्र की सेवा में ईमानदारी और समर्पण से काम किया है। मैं पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने मुझे फिर से इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए चुना।”
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि भाजपा ने जिस प्रकार से प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है, उसमें परिवारवाद की झलक साफ तौर पर देखने को मिल रही है। मुझे उम्मीद है कि जनता हमें काम करने का मौका एक बार फिर देगी।
बता दें कि कांग्रेस पार्टी मौजूदा विधायकों में जामताड़ा से डॉ. इरफान अंसारी, जरमुंडी से बादल पत्रलेख, पोड़ैयाहाट से प्रदीप यादव, लोहरदगा से रामेश्वर उरांव, बड़कागांव से अंबा प्रसाद साहु, बेरमो से कुमार जयमंगल, झरिया से पूर्णिमा नीरज सिंह, जमशेदपुर पश्चिमी से बन्ना गुप्ता, खिजरी से राजेश कच्छप, मांडर से शिल्पी नेहा तिर्की, सिमडेगा से भूषण बाड़ा, कोलेबिरा से नमन विक्सल कोंगाड़ी और मनिका से रामचंद्र सिंह को उम्मीदवार बनाया है। ।


