
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के साहेबपोखर इलाके में एक बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रूपये की संपत्ति की चोरी कर ली। चोरों ने घर के सभी कमरे का ताला तोड़कर उसके अंदर रखे अलमीरा का लॉक तोड़कर कपड़े, जेवरात, कुछ नकदी, कपड़ा इत्यादि की चोरी कर ली। यहां तक की पूजा घर में रखे चांदी एवं तांबे के बर्तन की भी चोरी कर ली।

इसे लेकर गृहस्वामी संजय कुमार सिंह उर्फ रंजन सिंह ने नगर थाना में शिकायत दर्ज करायी है। संजय सिंह ने बताया कि उनके बेटे की तबियत खराब हो गयी थी। उसका इलाज कराने सपरिवार दशहरा के नौंवी के दिन पटना चले गये थे। 19 अक्टूबर को दोपहर में जब देवघर स्थित अपने घर पहुंचे। मेन गेट का ताला खोलकर अंदर गये तो देखा की ग्रील का ताला टूटा है। वहीं घर के सभी कमरे का ताला टूटा पड़ा है और सारा सामान तितर- बितर किया हुआ है। उपरांत वे शिकायत देने नगर थाना पहुंचे।

वहां पता चला की तीन दिन पूर्व दो चोर को हथियार के साथ गिरफ्तार कर जसीडीह पुलिस के द्वारा जेल भेजा गया है। जेल गये चोर ने उनके घर में भी चोरी करने की बात पुलिस के समक्ष कबूल किया है। उसके पास से कुछ चोरी का सामान बरामद किया गया जिसमें कुछ भगवान की मूर्ति और अन्य सामान है।
उन्होंने बताया कि देखने के बाद ही वे अपने घर के सामान की पहचान कर सकते हैं। समाचार लिखे जाने तक दंपत्ति चोरी हुए सामान के मिलान करने में जुटे थे।



