
Deoghar News : सड़क हादसे में सोमवार देर रात 35 वर्षीय अशोक रजक की मौत हो गई। मृतक दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र के अम्बा गांव का रहने वाला था। वह रंग-पेंट का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके 15 वर्षीय पुत्र और 13 वर्षीय पुत्री हैं।

परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम अशोक जामताड़ा से काम कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान चितरा थाना क्षेत्र के टेढ़ी मोड़ के पास एक पिकअप वैन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने धक्का मारकर भाग रहे पिकअप का वीडियो भी बनाया है।

बताया गया कि यह वीडियो स्थानीय पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अशोक को इलाज के लिए पहले चितरा स्थित अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। परिजन उसे इलाज के लिए देवघर के कुंडा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए।
वहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल लाने के बाद ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने अशोक को मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार को बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। इधर, चितरा पुलिस दुर्घटना में शामिल पिकअप वैन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।



