
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के न्यू देवघर स्टेशन के पास गुरूवार की देर शाम को कार पर सवार उच्चकों ने दहशत फैलाने के उद्धेश्य से दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी। हालांकि जहां पर फायरिंग की घटना घटी थी वहां से पुलिस को मात्र एक खोखा ही बरामद हुआ है।

इस मामले में देर रात को ही नगर पुलिस ने कुंडा थाना इलाके से फायरिंग के दौरान उपयोग किये गये बिना नंबर की डिजायर कार को जब्त कर लिया। वहीं दो संदिग्ध को भी हिरासत में लिया है। जिससे पुलिस लगातार पुछताछ करने में जुटी है।

प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो जिस समय कार सवार उच्चकों द्वारा फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया, उस वक्त काफी संख्या में लोग देवघर स्टेशन इलाके में मौजूद थे। सूत्रों ने बताया कि फायरिंग करने के बाद कार सवार बदमाश गाली- गलौज करते हुए फरार हो गये।
सूत्रों के अनुसार, दशहरा के दौरान तिवारी चौक के पास डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। उसी क्रम में लड़की को लेकर दो गुटों में थोड़ी – बहुत मारपीट की घटना घटी थी। उसके बाद एक गुट के द्वारा देख लेने की बात कही गयी थी। सोशल मीडिया पर भी दोनों गूटों के बीच जमकर गाली-गलौज किये जाने की बात बतायी जाती है। गुरूवार की शाम को एक गुट के कुछ युवक जटाही मोड़ स्थित रेलवे ओवर ब्रीज के पास एक दुकान में बैठे थे। उसी दौरान दूसरे गूट के सदस्य कार पर सवार होकर पहुंचे थे।
सूत्रों ने बताया कि कुछ देर बातचीत होने के बाद दोनों गुटों के बीच गाली- गलौज शुरू हो गया। उपरांत बिना नंबर की कार से आये युवक वहां से देवघर स्टेशन की ओर फायरिंग करते हुए भागने लगे। इसी दौरान कुछ युवकों ने कार पर पत्थरबाजी भी कर दी। जिससे कार का बोर्नट पीचक गया। उपरांत घटना की जानकारी नगर पुलिस को दी गयी।
घटना के करीब आधे घंटे बाद नगर पुलिस पहुंची और एक गुट के सदस्य से मामले की जानकारी ली। उपरांत देर रात को कुंडा थाना क्षेत्र के करनीबाग इलाके से घटना में प्रयुक्त किये गये बिना नंबर की डिजायर कार जब्त कर लिया और दो संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक नगर पुलिस हिरासत में लिये गये दोनों संदिग्धों से पुछताछ करने में जुटी थी।


