Deoghar News : पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 30 सितंबर 2026 को पुलिस ने 15 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित पालाजोरी एवं मारगोमुंडा थाना क्षेत्र में फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट/अमेजन के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी, गूगल पर फोन-पे कस्टमर केयर तथा पीएम किसान योजना के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बनाने में संलिप्त थे।

पुलिस को मिली सूचना के आधार पर संबंधित थाना क्षेत्रों में छापेमारी की गयी, जहां से 15 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से 19 मोबाइल फोन एवं 13 सिम कार्ड बरामद किये हैं।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम-पते
गिरफ्तार आरोपितों में गफारूद्दीन अंसारी, ग्राम मगडीहा; गुलफान अंसारी, दौंदिया कुरूवा, थाना सोनारायठाढ़ी; सईम अंसारी, बेदियाचक, थाना मसलिया, जिला दुमका; मिथुन अंसारी, राजेश कुमार एवं टीपू सुल्तान, तीनों पथरघटिया, थाना पालाजोरी; अब्दुला अंसारी, ग्राम खैरा, थाना बिंदापाथर, जिला जामताड़ा; इब्राहिम अंसारी, बरमसोली, थाना पालाजोरी; सफाउद्दीन अंसारी, नगादरी, थाना करौं; रमेश कुमार मंडल, केन्दुआटांड़, थाना मारगोमुंडा; रोहित कुमार मंडल, बसकुपी, थाना करौं; प्रदुम कुमार, विजय मंडल एवं रंजीत मंडल, तीनों ग्राम केन्दुआटांड़, थाना मारगोमुंडा, जिला देवघर; तथा चंदन मंडल, ग्राम विसनाटांड़ (संथाली), थाना मनियाडीह, जिला धनबाद शामिल हैं।
एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेने का आरोप
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की अपराध शैली में पीएम किसान योजना, बिजली बिल, आरटीओ चालान एवं आधार अपडेट के नाम पर एपीके फाइल भेजना और मोबाइल का एक्सेस लेकर ठगी करना शामिल है।
पुलिस की तकनीकी जांच में गिरफ्तार आरोपितों के पास से जब्त मोबाइल नंबर एवं आईएमईआई नंबरों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज पायी गयी हैं।
तीन आरोपितों का पूर्व आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित मिथुन अंसारी पूर्व में देवघर साइबर थाना कांड संख्या 28/23, सईम अंसारी साइबर थाना देवघर कांड संख्या 07/21 तथा रमेश कुमार मंडल साइबर थाना देवघर कांड संख्या 79/2020 में आरोपित रहा है।
छापेमारी टीम
कार्रवाई में पुनि नागेन्द्र कुमार मंडल, पुनि संतोष कुमार मंडल, साइबर थाना देवघर, पुअनि शशि कपूर, थाना प्रभारी मारगोमुंडा एवं मारगोमुंडा थाना की टीम, तथा पुअनि संजय कुमार यादव, थाना प्रभारी पालाजोरी एवं पालाजोरी थाना की टीम शामिल रही।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।



